रेल प्रशासन की ओर से दिए गए जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार की सुबह झांसी-प्रयागराज पैसेंजर का इंजन यार्ड से रेलवे स्टेशन पर लाते समय पटरी से उतर गया। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद इंजन को वापस पटरी पर चढ़ाया गया। इससे पैसेंजर डेढ़ घंटे की देरी से रवाना हो सकी।
झांसी-प्रयागराज पैसेंजर के लिए सोमवार की सुबह एक इंजन मानिकपुर यार्ड से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर शंटिंग कर लाया जा रहा था। इसी दरम्यान सुबह 4.35 बजे इंजन के दो पहिए पटरी से उतर गए। इसकी सूचना मिलने पर रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना राहत वैन की मदद से इंजन को तकरीबन डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद वापस पटरी पर पहुंचाया गया। इसके चलते पैसेंजर सुबह 7.40 बजे की जगह 9.10 बजे झांसी से प्रयागराज के लिए रवाना हो सकी। वहीं, रेल प्रशासन की ओर से इसकी जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जांच की जद में शंटिंग मास्टर, प्वाइंट्समैन, लोको पायलट के अलावा सिग्नल विभाग के कर्मचारी भी हैं।
रेलवे के मंडलीय जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
