कमासिन। सर्प दंश के शिकार बालक का परिजनों ने झाड़फूंक पर समय गवां दिया। जिससे उसकी जान चली गई। परिजनों ने शव को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया है। थाना क्षेत्र के साडासानी गांव निवासी अफजल (9) गांव के तेजवा गुप्ता की किराना दुकान से सामान लेने गया था। दुकानदार ने रुपया लेने के बाद उसे पैसे वापस किए। उसमें से दो सिक्के पास में रखी बोरियों के नीचे गिर गए। अफजल बोरियों के नीचे हाथ डालकर सिक्का निकालने लगा तभी उसे सर्प ने डस लिया। परिजन उसे कमासिन सीएचसी ले जाने के बजाय ओरन क्षेत्र के गांव बिसंडी ले गए। वहां झाड़फूंक कराई। झाड़फूंक के दौरान बालक की मौत हो गई। परिजनों ने शव को दफन कर दिया है। अफजल कक्षा चार का छात्र था।
