ललितपुर। मुनीम से लाखों की लूट करने के तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गए। जबकि, लुटेरों की ओर से की गई फायरिंग में गोली सीओ सदर व कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गए। लुटेरों के पास से लूट के 4.21 लाख रुपये, तमंचे, कारतूस व लूट में प्रयुक्त की गई बाइक बरामद की गई। एसपी ने लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम दिया है।
पिछले सप्ताह शुक्रवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने नझाई बाजार स्थित फर्म पदम पारस के मुनीम अनंतराम साहू से 4.27 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। बदमाशों ने मुनीम की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर घटना को अंजाम दिया था। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने पुलिस की आठ टीमों का गठन किया था। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज के जरिये दो बदमाश चिह्नित किए गए थे। पुलिस सरगर्मी से बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच मंगलवार की रात मुखबिरों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बिरधा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बमरौला के पास नेशनल हाईवे-44 पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक बाइक पर तीन लोग आते दिखे। रोकने की कोशिश करने पर बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली सीओ सदर अभय नारायण राय व कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम ग्राम मसौराकलां निवासी दिनेश कुशवाहा, नरेंद्र कुशवाहा और प्रीतम कुशवाहा बताए। पुलिस ने मौके से तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए। साथ ही उनके पास से मुनीम से लूटे गए 4.27 लाख में से 4.21 लाख रुपये बरामद किए गए। इसके अलावा बैग, कागजात, बैग काटने में प्रयुक्त किया गया चाकू व बाइक भी बरामद की गई।
मुठभेड़ की सूचना पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक व एएसपी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और उन्होंने लुटेरों की ओर से की गई फायरिंग में बाल-बाल बचे सीओ सदर व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का हाल जाना। वहीं, तीनों घायल बदमाशों को पुलिस सुरक्षा में इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुठभेड़ का मुकदमा दर्ज कर लिया है। लूटकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का ईनाम दिया है।
