Spread the love


संवाद न्यूज एजेंसी

ललितपुर। लूट की घटना को अंजाम देने की योजना मुनीम के पास की ही दुकान में काम करने वाले प्रीतम कुशवाहा ने तैयार की थी। इसके लिए वह कई दिन पहले से वह मुनीम की हर गतिविधि पर नजर रख रहा था। घटना वाले दिन तीनों बदमाश बांसी से उसके पीछे लग गए थे। गल्ला मंडी के पास सूनसान इलाके में पहुंचने पर मुनीम को लूट लिया गया था।

पूछताछ में प्रीतम ने पुलिस को बताया कि वह नझाई बाजार में स्थित फर्म पदम पारस के दुकान की बगल वाली दुकान पर काम करता था। इसी दौरान उसने मुनीम अनंतराम साहू के बारे में जानकारियां इकट्ठा कीं। मुनीम कब और कहां-कहां से रुपये लेने जाता है, इसकी पूरी जानकारी जुटाई गई। यह सभी जानकारियां प्रीतम ने अपने गैंग के सदस्य दिनेश व नरेंद्र से साझा की। इसके बाद तीनों बदमाश 13 अक्तूबर को मुनीम के पीछे लग गए थे। कस्बा बांसी में बदमाशों ने मुनीम के बार क्षेत्र से आने का इंतजार किया। मुनीम के वहां से गुजरने पर वे उसके पीछे लग गए थे। मुनीम के गल्ला मंडी के पास सूनसान इलाके में पहुंचने पर उन्होंने घटना को अंजाम दे डाला था।

एक आरोपी का पिता है होमगार्ड

मुनीम के साथ लूट करने वाले तीन आरोपियों में से एक दिनेश कुशवाहा का पिता होमगार्ड विभाग में कार्यरत है। लूट की घटना में प्रयुक्त की गई बाइक को आरोपी दिनेश ने कुछ माह पूर्व ही खरीदा था।

नशे की लत ने बना दिया लुटेरा

लूटकांड की घटना करने वाले तीनों आरोपी शराब व गांजे के आदी हैं। सूत्रों के अनुसार तीनों ही आरोपी अपने गांव व आसपास के क्षेत्र में आवारागर्दी करते रहते थे। एक आरोपी नरेंद्र कई बार चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा चुका है, लेकिन गांव स्तर पर ही मामले को निपटा दिया गया और पुलिस तक शिकायत नहीं पहुंच पाई। नशे की लत ने तीनों आरोपियों को लुटेरा बना दिया।

खुलासा करने वाली पुलिस टीम में यह रहे शामिल

लूटकांड का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में क्षेत्राधिकारी सदर अभय नारायण राय, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरीशंकर चंद, सर्विलांस प्रभारी सतीश कुशवाहा व उनकी टीम, उपनिरीक्षक राहुल राठौर, एसओजी टीम, बिरधा चौकी प्रभारी प्रवीण कुमार, चौकी प्रभारी मसौरा बैरियर अनुज सिंह, बिरधा चौकी में तैनात उपनिरीक्षक आनंद तिवारी शामिल रहे।

13 अक्तूबर को मुनीम के साथ हुई लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीनों बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू और बाइक सहित लूटे गए 4.21 लाख रुपये बरामद किए हैं। तीनों घायल बदमाशों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। लूट का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम दिया गया है।

– मोहम्मद मुश्ताक, पुलिस अधीक्षक



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *