बांदा। स्नातक छात्र ने मवेशी बाड़े में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मां मवेशियों को चारा-पानी कराने गई तब घटना की जानकारी हुई। खुदकुशी के कारण का पता नहीं चल सका है।
गिरवां थाना क्षेत्र के बिगहना गांव निवासी कैलाश (18) दशरथ महाविद्यालय बहेरी में बीए प्रथम वर्ष में पढ़ता था। उसका शव घर से कुछ दूरी पर स्थित मवेशी बाड़े में गमछे से बांस के सहारे लटका मिला। बुधवार को सुबह मां जगिया मवेशियों को चारा पानी कराने गई तो उसका शव लटका देखा।
मृतक के भाई आनंद कुमार ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसने किस कारण से खुदकुशी की वह नहीं बता सके। मृतक अविवाहित था। बताया कि रात में सबने एक साथ बैठकर खाना खाया था। उसके बाद देवी जी के दर्शन करने गांव में गए थे। वहां से लौटने के बाद वह मवेशी बाड़े में सो गया था। गिरवां थाना इंस्पेक्टर संदीप तिवारी ने बताया प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। परिजन कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं।
