नरैनी। घर के अंदर घुसकर अज्ञात लोगों ने युवक पर जानलेवा हमला कर नाक और सिर पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाई की तहरीर पर छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गिरवां थाना क्षेत्र के खुरहंड गांव निवासी विजय सिंह ने दी गई तहरीर में बताया कि 17 अक्तूबर की रात साढ़े आठ बजे उसका भाई विकास घर के दरवाजे पर बैठा था।
तभी छह युवक दो बाइकों से आए। उनको देखकर भाई घर के अंदर चला गया। जिस पर वह घर के अंदर घुस गए और उसे घसीटते हुए बाहर ले आए। हमलावर अंकित सिंह ने सिर और नाक पर तमंचे की बट मारकर उसे लहूलुहान कर दिया।
उसने डायल-112 नंबर को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले में पुलिस ने गिरवां थाने में अंकित सिंह, अरुण सिंह, भोला सिंह, रोहित सिंह, राकेश सिंह और एक अन्य अज्ञात युवक पर जानलेवा हमला एवं बलवा सहित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
