बांदा। बाइक सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
बिसंडा थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी संतोष (25) के फुफेरे भाई का बुधवार को दहिनवारा कार्यक्रम था। वहां से वापस बाइक से अपने गांव जा रहा था। तभी पहाड़िया खुर्द गांव के पास ही पीछे से आए ट्रक ने उसे टक्कर मार दी।
संतोष हेलमेट लगाए था, लेकिन सीने के बल जमीन में गिरने से उसकी मौत हो गई। पिता बिंदा प्रसाद रैदास ने बताया कि दो बहनों में इकलौता पुत्र था। पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। उसके पास डेढ़ बीघा जमीन है।
बिसंडा थाना इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बाइक चालक की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
