Spread the love


अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। यूपी संपर्क क्रांति में हजरत निजामुद्दीन से सवार होकर बांदा की ओर जा रही एक महिला ने बच्ची को जन्म दिया। बाद में मां-बेटी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं। महिला ने नवजात का नाम ट्रेन के नाम पर क्रांति रखा।

बांदा निवासी बबलू वर्मा की पत्नी मनी वर्मा (23) गाड़ी संख्या 12448 यूपी संपर्क क्रांति में हजरत निजामुद्दीन से अपने घर बांदा जाने के लिए सवार हुई थी। वह अकेले ही सफर कर रही थी। ट्रेन के मऊरानीपुर से आगे बढ़ने पर महिला को प्रसव पीड़ा होने लगी। सह यात्रियों ने इसकी सूचना टीटीई को दी। टीटीई की सूचना पर अगले स्टेशन हरपालपुर में एंबुलेंस पहुंच गई। लेकिन, महिला ट्रेन से उतरने की स्थिति में नहीं थी। इस पर एंबुलेंस स्टाफ ने महिला का बोगी में ही प्रसव कराया। इसके बाद महिला और नवजात को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। इस दरम्यान ट्रेन 10 मिनट से अधिक समय तक स्टेशन पर खड़ी रही। अस्पताल में मां-बेटी की जांच की गई, जिसमें दोनों स्वस्थ पाई गईं। चूंकि, यूपी संपर्क क्रांति में बेटी का जन्म हुआ, जिसके चलते मां ने नवजात का नाम ट्रेन के नाम पर क्रांति रख दिया। बाद में जानकारी होने पर महिला के अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *