बांदा। जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को पांच और डेंगू के मामले आए हैं। जिले में अब तक डेंगू के 226 मामले सामने आ चुके हैं। लगातार मिल रहे इन मामलों से विभागीय अधिकारियों में भी खलबली मची हुई है। निरीक्षण के दौरान आठ घरों में रखे पात्रों में डेंगू का लार्वा भी मिला है। इन घरों को नोटिस जारी किया जा रहा है।
जिला अस्पताल की पैथाेलॉजी में शुक्रवार को जांच कराने वाले मरीजों की कतार लगी रही। यहां जांच कराने 303 मरीज पहुंचे। इनमें 26 मरीजों के डेंगू जांच के सैंपल लगाए गए। डेंगू बुखार में शहर के कालू कुआं मोहल्ला निवासी अंश कुमार (17), हमीरपुर के सुरौली गांव निवासी सुभाष (15), शंभुनगर निवासी आशू (19), स्वराज कालोनी निवासी मंगली प्रसाद (78), पिपहरी गांव निवासी रामरती (60) को डेंगू होने की पुष्टि की गई। इनमें आशु को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के कटरा पूर्वी, कटरा पश्चिमी, बिजली खेड़ा, स्वराज कालोनी, छाबी तालाब में 610 घरों का निरीक्षण किया। घरों में 3623 पात्रों को देखा गया। जिसमें 64 पात्रों में एडीज मच्छर लार्वा धनात्मक मिले। इन पात्रों को खाली कराया गया। घरों को नोटिस दिया गया। दवा का छिड़काव किया गया।
