फालोअप
– वायरल वीडियो के सहारे पुलिस ने शुरू की विधायक पुत्र मामले की जांच
– गरौठा विधायक के बेटे ने ककरवई थाने में थानेदार से की थी अभद्रता
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ककरवई थाने में थानेदार सुरेंद्र सिंह चौहान से अभद्रता करने और धमकाने के मामले में गरौठा विधायक के पुत्र राहुल राजपूत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। मामले के विवेचक सीओ गरौठा अरुण चौरसिया ने वायरल वीडियो में दिख रहे लोगाें और पुलिसकर्मियों को बयान दर्ज कराने और साक्ष्य करने के लिए बुलाया है। बयान और साक्ष्य मिलने पर पुलिस आरोपी विधायक पुत्र के खिलाफ धाराएं भी बढ़ा सकती है। पुलिस अफसरों का कहना है विवेचना के बाद आरोपी विधायक पुत्र को सीआरपीसी की धारा 41 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद आरोपी को न्यायालय से जमानत मिलेगी।
उधर, विधायक पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। बृहस्पतिवार को भी वायरल वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर होता रहा। तमाम लोगों ने एक्स (पूर्व में टिवट्र) पर डीजीपी समेत कई भाजपा नेताओं को टैग करके विधायक पुत्र का वीडियो शेयर किया। बता दें, गरौठा विधायक जवाहर राजपूत के बेटे राहुल राजपूत का खरवांच घाट में बालू भरने को लेकर विवाद हो गया था। विधायक पुत्र राहुल पर ठेकेदार के कर्मचारियों से टोकन लूटने और मारपीट करने का आरोप था। पुलिस राहुल को लेकर थाने आई। यहां राहुल ने थानेदार सुरेंद्र सिंह चौहान को ही धमकाना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल होने पर राहुल समेत पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। एसपी (आरए) गोपीनाथ सोनी का कहना है मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। नियत समय के भीतर विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
