बांदा। डेंगू के साथ साथ अब वायरल बुखार ने लोगों को सताना शुरू कर दिया है। मौसम में ठंडा गर्म होने की वजह से यह बीमारी ज्यादा हो रही है। रविवार को 11 बुखार के मरीजों को भर्ती किया गया है, जबकि दो डेंगू के मरीजों की भी हालत गंभीर होने पर भर्ती किया गया। बढ़ते मरीजों की वजह से जिला अस्पताल, ट्रामा सेंटर फुल हो गया है। कई का बेंचों पर लिटाकर इलाज किया जा रहा है।
जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में रविवार को डेंगू लक्षण के चलते शहर के गूलरनाका मोहल्ले के सूरज (23), अछरौड़, मटौंध के श्याम नारायण (50) को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। इसके अलावा बुखार के मरीजों में फतेहपुर निवासी वीर प्रताप (16), छावनी निवासी तबस्सुम (38), क्योटरा मोहल्ला निवासी अरुणिमा (18), मरका निवासी पुष्पा (15), सिंहपुर निवासी चुन्नी (50), न्यू मार्केट निवासी आयुष (13), बबेरू निवासी ज्ञानमति (25), क्योटरा निवासी रविशंकर (25), खुटला मोहल्ला निवासी पिंकी (28), झील का पुरवा निवासी बाबूलाल (80) व कटरा निवासी देशराज (36) को भर्ती कराया गया है।
ट्राॅमा सेंटर में वर्तमान में 22 बेड हैं। यह सभी बुखार के मरीजों से भरे रहे। उधर, मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती डेंगू मरीजों का इलाज किया गया। अब तक डेंगू के 240 मरीज मिल चुके हैं। चिकित्सकों ने मरीजों को सलाह दी है कि वह इस मौसम में सुबह की धूप के सामने जरूर बैठें। गुनगुनी धूप शरीर को गरम रखेगी। बच्चों को सुबह शाम की ठंड से बचाने की ज्यादा आवश्यकता है।
