उरई। 15वें वित्त की कार्ययोजना के अनुमोदन को लेकर जिला समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई।
डीएम राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के अध्यक्ष की मौजूदगी में 18.50 करोड़ के कार्यों की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई।
जनपद के 11 नगर निकायों को 15वें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग, जलनिकासी, पेयजल व सफाई स्वच्छता आदि से संबंधित कार्यों के लिए 18.50 करोड़ रुपये सशर्त स्वीकृत किए गए हैं।
डीएम ने निर्देशित किया कि नगर निकायों में जो कार्य कराने हैं, उन्हें समय से पूर्ण कराएं। ठेकेदार द्वारा निर्धारित समय पर कार्य पूर्ण न करने पर संबंधित ठेकेदारों पर दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जो कार्य स्वीकृत हुए हैं उन्हें पारदर्शी ढंग से टेंडर प्रक्रिया नवंबर तक पूर्ण करते हुए जनवरी 2024 तक समस्त कार्यों को पूर्ण कराएं।
इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नगरी क्षेत्र में बेहतर नागरिकों को सुविधा मुहैया कराकर नगरी निकायों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। इस दौरान सीडीओ भीमजी उपाध्याय, एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव के अलावा सभी ईओ मौजूद रहे।
