कोंच। मित्र के घर गए युवकों का कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद युवक अपने घर लौट आए। कुछ देर बाद बाइकों से कुछ लड़के आए और झगड़ा करने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे चल गए। इससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है।
कैलिया थाना क्षेत्र के सामी निवासी संगम और ऋषभ अपने एक मित्र के यहां ककरौली गांव में देवी विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुधवार को गए थे। जहां उनकी गांव के ही नितिन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मामला शांत होने के बाद उक्त दोनों जैसे ही वापस अपने गांव सामी आए तभी कुछ देर बाद ही नितिन अपने छह साथियों के साथ सामी पहुंच गया और गांव के बाहर स्थित ठेके के पास दोनों पक्षों में गाली गलौज के साथ मारपीट होने लगी। इसके बाद जमकर लाठी डंडे चले।
मारपीट में सामी गांव निवासी लेखपाल,ककरौली निवासी राजेंद्र सिंह बुरी तरह से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना कैलिया पुलिस मौके पर पहुंची और दो युवकों को हिरासत में ले लिया। अन्य युवक भाग गए। पुलिस ने लेखपाल की तहरीर पर केशव, राजेंद्र उर्फ मंगल सिंह, नितिन व नीरज निवासी गण ग्राम ककरौली के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर केशव व राजेंद्र को पकड़कर शांति भंग में चालान कर दिया।
