Spread the love


संवाद न्यूज एजेंसी, चित्रकूट

Updated Sat, 28 Oct 2023 12:59 AM IST

चित्रकूट। कर्वी कोतवाली अंतर्गत जिला मुख्यालय के पास स्थित कुली तलैया गांव में घर के अंदर पति-पत्नी के शव पंखे से साड़ी के फंदे से झूलते हुए मिले है। महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया कि दहेज के लिए पति ने पत्नी की हत्या कर खुद आत्महत्या की है। बताया कि अक्सर पति-पत्नी के बीच मारपीट होती थी। आने वाले करवा चौथ पर्व में कुछ खरीदारी के लिए भी विवाद हुआ था। घटना की जानकारी के बाद एसपी वृंदा शुक्ला ने मौके पर जाकर परिजनों से जानकारी ली।

शहर के कुली तलैया गांव निवासी बीरबल (२५) पुत्र मुन्नू प्रसाद निषाद व उसकी पत्नी सविता (२३) का शव घर के अंदर फंदे पर झूलते हुए मिला। मौके पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लिया। बीरबल राज मिस्त्री का काम करता था। उसके एक पुत्री है। घटना की जानकारी होने पर एसपी वृंदा शुक्ला, एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी व सीओ सिटी हर्ष पांडेय ने जायजा लिया।

सविता की मां चंद्रकली निवासी कटिया खादर ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री की हत्या पति ने गला दबाकर की है। तीन साल पहले शादी हुई थी। दहेज के लिए बेटी के साथ मारपीट की जाती थी। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई थी। एक बार पुलिस बीरबल को पकड़ने के लिए पहुंची तो वह भाग गया था। कोतवाल अजीत पांडेय ने बताया कि मामले में किसी ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्र्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *