Spread the love


बृहस्पतिवार की रात एमपी संपर्क क्रांति में सामने आया मामला, 10-12 युवक रील बनाने के लिए कोच में घुस आए थे

यात्रियों ने वीडियो शेयर कर रेल प्रशासन से की शिकायत, झांसी आते ही कोच से भागे

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। लोगों में रील बनाने का नशा इस कदर हावी हो रहा है कि बृहस्पतिवार की रात एमपी संपर्क क्रांति में 10-12 युवकों ने रील बनाने के चक्कर में शर्मिंदगी की सारी हदें पार कर दीं। झूमते-नाचते युवकों में किसी ने शर्ट उतारकर तो किसी ने अर्धनग्न प्रदर्शन कर सीटों पर कूदते-फांदते न सिर्फ रील बनाई, बल्कि युवक इस दौरान कोच में बैठीं महिला यात्रियों से भी छेड़छाड़ करते रहे। परिजनों और दूसरे यात्रियों ने जब इसका विरोध किया तो युवकों ने कोच में जमकर हंगामा भी किया। परेशान यात्रियों ने इसका वीडियो शेयर करते हुए मामले की शिकायत रेल प्रशासन से की है। रात को ही ट्रेन के झांसी पहुंचने पर युवकों की तलाश की गई, लेकिन फिलहाल उनका पता नहीं चल पाया।

ये वाकया बृहस्पतिवार की रात दिल्ली से जबलपुर की ओर जा रही गाड़ी संख्या 12122 एमपी संपर्क क्रांति का है। ट्रेन में 10-12 युवक सवार थे। उनके पास स्लीपर का टिकट था, लेकिन युवक गाड़ी के एम-2 इकोनॉमी कोच में घुस आए और घूम-घूमकर रील बनाने लगे। रील बनाते समय कोई युवक अपने मुंह को ढंके हुए था, तो किसी ने शर्ट उतार रखी थी। कोई तो अर्धनग्न प्रदर्शन कर यात्रियों पर झुक-झुककर रील बना रहा था।

रात के समय जब अधिकांश यात्री खाना खाकर सोने की तैयारी में अपनी-अपनी सीटों पर थे, उस समय इन युवकों का शोर उन्हें सोने नहीं दे रहा था। रील बनाते-बनाते ये युवक जब सीटों पर यात्रा कर रहीं महिलाओं और लड़कियों के बीच पहुंचने लगे तो यात्री परेशान हो गए। लेकिन, यात्रियों के रोक-टोक करने पर युवक झगड़े पर उतारू हो गए।

इस दौरान उनमें से कुछ युवकों ने महिला यात्रियों के साथ छेड़छाड़ भी की। युवकों का हुड़दंग जब बढ़ गया तो कोच में सवार यात्री वेदांश व अजय ने युवकों का वीडियो बना लिया और उसे ट्वीटर के जरिये शेयर करते हुए रेल प्रशासन से इसकी शिकायत कर दी। रात में गाड़ी के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ट्रेन में पहुंच गई। लेकिन, युवकों का पता नहीं चल पाया।

बताया जा रहा है कि शिकायत की भनक लगते ही युवक दूसरे कोच में जाकर शांति से बैठ गए थे, जिससे वह गाड़ी के यहां पहुंचने पर पकड़ में नहीं आ सके।

ट्रेन के झांसी रेलवे स्टेशन आने पर मामले की जांच की गई थी, लेकिन युवकों का पता नहीं चल पाया।

रविंद्र कौशिक, इंस्पेक्टर-आरपीएफ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *