– सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, सोशल मीडिया पर भी रहेगी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। उत्तर प्रदेशीय अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शनिवार को होगी। नगर में बनाए गए 37 केंद्रों पर कानपुर, कानपुर देहात, महोबा और मध्य प्रदेश के 33,216 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 51 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी। अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए रेलवे और रोडवेज की ओर से अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
पीईटी की परीक्षा दो पाली सुबह 10 से 12 और शाम तीन से पांच बजे तक होगी। परीक्षा के दौरान 12 सेक्टर और 39 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। इसके अलावा पुलिस की भी अतिरिक्त व्यवस्था रहेगी। परीक्षा केंद्र के भीतर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की दुकानें, साइबर कैफे बंद रहेंगे। स्पीकर का प्रयोग भी नहीं किया जा सकेगा। शुक्रवार को डीएम अविनाश कुमार व एसएसपी राजेश एस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा।
00000
ट्रेनों का समय बदला
झांसी। अभ्यर्थियों के आवागमन के लिए रोडवेज की ओर से 137 अतिरिक्त बसें आरक्षित की गईं हैं। वहीं, रेलवे ने दो दिन के लिए झांसी-प्रयागराज एक्सप्रेस के संचालन के समय में परिवर्तन किया है। 28 व 29 अक्तूबर को यह ट्रेन बांदा से सुबह 11:55 बजे की जगह दोपहर एक बजे चलेगी। जबकि, झांसी से यह गाड़ी दोपहर 12.30 बजे की जगह डेढ़ बजे प्रस्थान करेगी। इसी प्रकार झांसी-मानिकपुर एक्सप्रेस शाम 17:25 के स्थान पर 18:30 बजे चलेगी।
00000
स्टेशन व बस अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाईं
झांसी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए शिक्षा विभाग की ओर से स्टेशन व बस अड्डे पर हेल्प डेस्क बनाई गईं हैं। हेल्प डेस्क पर एक प्रधानाचार्य, एक लिपिक और एक चतुर्थ कर्मचारी को नियुक्त किया गया है, जो कि परीक्षार्थियों की मदद के लिए रविवार दूसरी पाली की परीक्षा तक तैनात रहेंगे।
0000
नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए रोडवेज और रेलवे से भी समन्वय बनाया गया है। – अविनाश कुमार, जिलाधिकारी
0000
शाम से ही अभ्यर्थियों ने डाला डेरा
झांसी। पीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों का शुक्रवार की शाम से ही यहां आना शुरू हो गया था। खासतौर पर कानपुर और महोबा की ओर से आने वाली ट्रेनें खचाखच भरकर आईं। महिला अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी यहां पहुंचे। तमाम अभ्यर्थी होटलों में रुके, जबकि ज्यादातर स्टेशन पर डेरा डाले रहे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के इर्दगिर्द भी परीक्षार्थियों का जमावड़ा रहा।
