माधौगढ़। हरौली के पास देर रात नहर में कटान हो गई। इससे लगभग 100 बीघा खेत जलमग्न हो गए। सुबह खेत में पानी भरा देख किसान परेशान हो गए। किसानों ने आनन-फानन में कटान को बंद किया। किसानों ने आरोप लगाया कि नहर विभाग की लापरवाही के चलते नहर में कटान हुई। जिसका मुआवजा दिया जाए।
नहर में पानी के तेज बहाव के चलते गुरुवार की रात हरौली निवासी बलवान सिंह के खेत पर नहर में कटान हो गई। इससे लगभग 100 बीघा खेतों में पानी भर गया। किसान बलवान सिंह, सत्यपाल सिंह, शत्रुघ्न सिंह, शिवेंद्र सिंह,संजय सिंह, महेंद्र सिंह, पूरन सिंह, राघवेंद्र सिंह आदि का कहना है कि अगस्त महीने में मूसलाधार बारिश ने सभी फसलों को बर्बाद कर दिया था।
नहर के फटने से सैकड़ों बीघा खेत जलमग्न हो गए। जिससे खेतों में बोई फसल चना, मटर, सरसों ,मसूर, बेझर आदि फसले बर्बाद हो जाएंगी। साथ ही बुआई के लिए तैयार खेतों में पानी भर जाने से बुआई लेट हो गई है। एसडीएम शशिभूषण का कहना है कि नहर को बंद करा दिया गया है। किसान अपनी लिखित शिकायत देते है तो किसानों को मुआवजा दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा।
