चित्रकूट। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ने जिलाध्यक्ष जैनुलआब्दीन की अगुवाई में शिक्षकों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। डीएम, सीडीओ व बीएसए को ज्ञापन सौंपकर इनके निस्तारण की मांग की है। बिना स्पष्टीकरण लिए वेतन काटने पर शिक्षकों ने आपत्ति जताई है।
शनिवार को प्रदर्शनकारी शिक्षकों ने बताया कि तीन वर्षों से प्रधानाध्यापको की नोडल अधिकारी के रूप में गल्ले की दुकान में ड्यूटी लगायी गई है। जिससे विद्यालय के शैक्षणिक कार्य व अन्य कार्य प्रभावित होते हैं। इस कार्य से तत्काल मुक्त किया जाए। विकास भवन में स्थापित कंट्रोम रूम से ली जा रही शिक्षकों की उपस्थिति में शिक्षक के मोबाइल में रिचार्ज न होने, कॉल रिसीव न कर पाने, नेटवर्क न होने पर भी अनुपस्थिति की कार्रवाई कर दी जाती है।
यदि शिक्षक अनुपस्थित पाया जाता है तो बिना स्पष्टीकरण प्राप्त किए वेतन काटने की भी कार्रवाई होती है जो पूरी तरह से अनुचित है। बीईओ अवकाश आवेदनों का ससमय निस्तारण नहीं करते हैं। कहा कि समस्याएं पिछले कई माह से नहीं निस्तारित की जा रहीं हैं। निश्चित अवधि में निदान न हुआ तो संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
शिक्षकों ने ज्ञापन देकर सभी समस्याओंं का समाधान कराने की मांग की है। इस दौरान मंडलीय महामंत्री विश्वबंधु पांडेय, जिला महामंत्री हर्ष त्रिपाठी, मंडलीय कोषाध्यक्ष सैयद नसीमुलहक, जिला कोषाध्यक्ष श्यामबाबू त्रिपाठी, कनीज फातिमा, रामबली वर्मा, मानवेन्द्र मिश्र, सरोज कुमार शुक्ला, अर्जुन सिंह, पवन पांडेय, उमेश श्रीवास्तव, लवकुश केशरवानी, भरत मिश्र सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
