उरई। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) शनिवार को जिले के 21 केंद्रों पर दो पालियों में हुई। पहली पाली में 5467 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 3913 गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में 5647 ने परीक्षा दी और 3733 गैरहाजिर रहे। डीएम राजेश कुमार पांडेय व एसपी ने परीक्षा को सकुशल नकल विहीन संपन्न कराने के लिए एसआर पब्लिक स्कूल व बंशीधर महाविद्यालय का निरीक्षण किया।
उन्होंने निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्ष तथा सीसीटीवी कैमरे ,पेयजल की व्यवस्था एवं सुरक्षा के इंतजाम आदि को दिखा। डीएम ने बंशीधर महाविद्यालय में प्रकाश के उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने में किसी भी प्रकार की कठिनाई न आने पाए। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट दिनेश सिंह, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक आदि मौजूद रहे। डीआईओएस राजकुमार पंडित ने बताया कि 29 अक्तूबर को भी दो पालियों में परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
बीहड़ क्षेत्र के छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
माधौगढ़। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का सेंटर आगरा के लिए आवागमन का साधन न होने से बीहड़ क्षेत्र के अधिकांश छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी है। छात्रों का कहना है कि परिवहन विभाग ने माधौगढ़ क्षेत्र से बस की सुविधा न देने से परीक्षा देने नही पहुंच सके है। बता दें कि जालौन जिले के छात्रों का सेंटर आगरा बना दिया गया। विपरीत दिशा में आगरा सेंटर होने से छात्रों को परेशानी थी। वही परिवहन विभाग द्वारा बस न देने से छात्रों को परीक्षा देने के लिए परेशान होना पड़ा। परेशानी को देखते हुए अधिकांश छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षार्थी ऋषि स्वर्णकार का कहना है कि परीक्षा सेंटर दूर होने के साथ बस का आवागमन न होने से परीक्षा छोड़नी पड़ी। परीक्षार्थी अंकित द्विवेदी का कहना है कि जानकारी मिली थी कि परिवहन विभाग परीक्षार्थियों के लिए बंगरा, माधौगढ़, रामपुरा, जगम्मनपुर, इटावा होकर बस का आवागमन होगा। बस का आवागमन न आने से परीक्षा मजबूरन छोड़नी पड़ी।
