संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sat, 13 May 2023 01:28 AM IST
बांदा। पिछले साल की अपेक्षा इस वर्ष सीबीएसई का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। पिछली बार की तरह अबकी भी छात्रों का दबदबा रहा। छात्राएं भी पीछे नहीं रहीं। 10 वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं में 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं का ग्राफ बढ़ा है। 80 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या भी ज्यादा रही। इस वर्ष करीब दो फीसदी का इजाफा हुआ है।
जिले में सीबीएसई के कुल नौ स्कूल हैं। सभी का परीक्षा परिणाम लगभग शत-प्रतिशत रहा। पिछले वर्ष 90 फीसदी रिजल्ट था। अबकी 92 फीसदी रिजल्ट बताया गया है। सेंट मेरीज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य विंसेंट अल्बर्ट ने बताया कि पिछले वर्ष 12वीं में 90 फीसदी से ज्यादा अंक पाने वाले सात छात्र-छात्राएं थे। अबकी 19 छात्रों ने 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए हैं।
इसी तरह 80 फीसदी से ऊपर अंक पाने वाले 19 छात्र थे, अबकी 40 छात्रों ने 80 फीसदी से ज्यादा अंक पाए हैं। 10वीं का परिणाम भी अच्छा रहा। यही स्थिति सेंट जेवियर्स, संत तुलसी पब्लिक स्कूल, सेंट जॉर्ज स्कूल, विद्यावती निगम मेमोरियल पब्लिक स्कूल समेत अतर्रा के तथागत ज्ञानस्थली व शांतिधाम स्कूल और नरैनी व बबेरू के स्कूलों का भी परीक्षा परिणाम रहा है।
