संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Sun, 29 Oct 2023 08:12 PM IST
बांदा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पेट) के दूसरे दिन पुलिस ने दो साल्वर, एक परीक्षार्थी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार एक साल्वर जम्मू-कश्मीर में तैनात एक जवान के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
रविवार को दूसरे दिन 13,152 में 5,725 ने परीक्षा छोड़ी। शहर के 14 परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा हुई। एडीएम न्यायिक एमपी सिंह ने बताया कि आर्य कन्या इंटर कॉलेज में द्वितीय पाली में प्रतापगढ़ के थाना बाघराय के बाग का पुरवा निवासी दिनेश कुमार गुप्ता को परीक्षार्थी वहीं के अतरसुइया निवासी अखिलेश कुमार सरोज के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। पुलिस की जानकारी के अनुसार अखिलेश कुमार वर्तमान में भारतीय सेना में है और जम्मू कश्मीर में तैनात हैं। वहीं, डीआर पब्लिक स्कूल कालू कुआं से कोशांबी के थाना सराय अकिल के अमवा कुलदीप कुमार पासवान के स्थान पर बिहार के जिला सुपौल थाना नदी के पंचगछिया कोनी निवासी रमन कुमार यादव परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने साल्वर और परीक्षार्थी के बीच सामंजस्य की भूमिका निभाने वाले बिहार के सुपौल जिले के ही थाना निर्मली के धोबियाही निवासी मनोज मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया।
फर्जी आधार कार्ड भी लेकर पहुंचे थे साल्वर
दूसरे की परीक्षा देने साल्वर फर्जी आधार कार्ड लेकर पहुंचे थे। एडीएम न्यायिक एमपी सिंह ने बताया कि आर्टीफिशियल सिस्टम से परीक्षार्थियों के बायोमेट्रिक तरीके से फिंगर प्रिंट लिए जाते हैं। वह रिपोर्ट सीधे जांच को भेज दी जाती है। पहले से दर्ज परीक्षार्थी के फिंगर प्रिंट से उनका मिलान करते हैं। मिलान नहीं होने पर परीक्षा देने आए व्यक्ति का आधार कार्ड जांचा जाता है। इसमें भी यही किया गया। फिंगरप्रिंट से मिलान नहीं हुआ और साल्वर फर्जी आधार कार्ड लेकर पहुंचे थे।
