उरई। बिजली चोरी और मीटर से छेड़ाछड़ करने वालों के खिलाफ बिजली विभाग अभियान चला रहा है। इसमें जिले के अलावा पांच अन्य जिलों से टीमें आई हैं। टीमें घरों के मीटर मौके पर मशीन से जांच रही हैं।
टीमों ने शुक्रवार को शहर के गल्ला मंडी और करमेर रोड पर महा अभियान चलाया। आठ घंटे चली कार्रवाई में 418 घरों के मीटरों की जांच की। टीम सिर्फ मीटर को बाहर से नहीं देख रही है। मीटर में मशीन लगाकर उससे बिजली उपकरण चलाकर जांच रही है, जिससे शंट मीटर का सही पता लगाया जा सके। साथ ही मौके पर कार्रवाई कर रही है।
विभाग का कहना है कि दो दिन की कार्रवाई से लोड पर काफी असर पड़ा है। दूसरे दिन झांसी के मुख्य अभियंता राजीव महेश्वरी के नेतृत्व में अभियान चला। इसमें उरई के अधीक्षण अभियंता,अधिशासी अभियंता, आगरा अधीक्षण अभियंता कानपुर, औरेया के अधिशासी अभियंता शामिल रहे। अधीक्षण अभियंता आरके यादव ने बताया कि गल्ला मंडी के पास टीमों ने 418 मीटरों की जांच की। इसमें 18 मीटर से बिजली चोरी की जा रही थी। 12 लोग अलग से केबल डालकर बिजली चोरी कर रहे थे। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। साथ ही 4.12 लाख का जुर्माना वसूला गया।
