बांदा। बीएससी प्रथम वर्ष के सेकेंड सेमेस्टर में दो विषयों में बैक लग जाने से परेशान छात्रा ने झोपड़ी में फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव लटकते देख मां बदहवास हो गई।
हमीरपुर के गढ़ा गांव निवासी रोशनी (17) अपनी मां बृजरानी के साथ चाचा शेर बहादुर के शहर कोतवाली क्षेत्र के कताई मिल के बाहर स्थित झोपड़ी में रहती थी। शुक्रवार को उसने झोपड़ी के बगल से बनी दूसरी झोपड़ी जिसमें भूसा भरा था, छप्पर की धन्नी से दुपट्टे से फंदा लगा लिया। रोशनी दिखाई नहीं दी तो मां ने तलाशा।
देर रात उसी झोपड़ी में देखा तो शव फंदे में लटका मिला। मृतका के चाचा शेर बहादुर ने बताया कि भतीजी रोशनी अपनी मां के साथ वर्ष 2005 से उनके साथ रह रही थी। रोशनी के पिता गांव में रहकर खेती किसानी करते हैं।
पुलिस ने मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल खंगाली है। शहर कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया खुदकुशी है। परिजन विषयों में बैक लगने की बात कह रह हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
