बांदा/खप्टिहा कलां/जसपुरा। रविवार को विधानसभावार मतदान केंद्रों पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण मेला लगा। मतदाता बनने के 202 युवक औरयुवतियों ने दावे किए। मृतकों के नाम काटने सहित संशोधन के 101 दावे किए गए।
राविवार को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में विशेष मतदाता मेला लगा। हालांकि बीएलओ तो मौजूद रहे लेकिन दावेदार कम पहुंचे। इक्का-दुक्का ही लोग नाम बढ़वाने, कटवाने व संशोधन कराने के लिए दावे करने पहुंचे। आयुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, एडीएम राजेश कुमार ने मतदान केंद्र जेएन डिग्री काॅलेज, आदर्श बजरंग इंटर काॅलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कालेज, खाॅनकाह इंटर कालेज, महिला डिग्री कालेज का निरीक्षण किया और बीएलओ को निर्देश दिए कि वह अपने क्षेत्र में भ्रमण कर एक जनवरी को 18 साल के होने वाले युवक व युवतियों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
मृतकों के नाम मतदाता सूची से हटवाने सहित सही नाम पते अंकित करवाएं जाने के निर्देश दिए। खप्टिहा कलां संवाद सहयोगी के अनुसार एसडीएम पैलानी शशिभूषण मिश्र ने खरेई गांव परमहंस रणछोड दास इंटर कालेज, निवाईच व पैलानी के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। बीएलओ से दावों की जानकारी ली। कहा कि मतदाता सत्यापन में अच्छा काम करने वाले बीएलओ रावेंद्र नाथ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। जसपुरा संवाद सहयोगी के अनुसार मधुसूदन दास आदर्श इंटर कालेज, प्राथमिक विद्यालय तरौहा, महिला डेरा आदि में सन्नाटा पसरा रहा। गिने चुने लोग ही मतदाता बनने के लिए पहुंचे।
राजनैतिक दलों से मांगा सहयोग
बांदा। मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न राजनैतिक दलों की बैठक हुई। आयुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने राजनैतिक दलों से जनवरी को 18 वर्ष की उम्र पार कर चुके युवकों को वोटर बनवाने में सहयोग करने को कहा। राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के सुझाव व समस्याओं सुना और निराकरण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल, एडीएम राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
