तीन चरणों समेत पूल काउंसलिंग में शामिल हुए थे महज 40 हजार अभ्यर्थी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा कराई जा रही बीएड की सीधी काउंसलिंग में अभ्यर्थियों का ज्यादा रुझान सामने आ रहा है। पिछले तीन दिनों में 33 हजार अभ्यर्थी विभिन्न कॉलेजों में प्रवेश ले चुके हैं। जबकि, इससे पहले डेढ़ महीने तक चली तीन चरणों समेत पूल काउंसलिंग में महज 40 हजार प्रवेश हुए थे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी करने के बाद 15 सितंबर से बीएड की काउंसलिंग शुरू की गई। 21 सितंबर तक चली पहले चरण की काउंसलिंग में 13018 अभ्यर्थी शामिल हुए। फिर 23 सितंबर से एक अक्तूबर तक चली दूसरे चरण की काउंसलिंग में 15916 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। तीन से नौ अक्तूबर तक चली तीसरे चरण की काउंसलिंग में 15800 अभ्यर्थी शामिल हुए। इसके बाद 22 से 31 अक्तूबर तक पूल काउंसलिंग चली। इसमें महज 1565 अभ्यर्थी शामिल हुए। पूल काउंसलिंग तक बीएड की लगभग 2.45 लाख सीटों के सापेक्ष महज 40 हजार अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश लिए थे। मगर तीन अक्तूबर से सीधी काउंसलिंग शुरू होने के बाद छात्रों का रुझान बीएड के प्रति बढ़ गया है। बीयू के आंकड़ों को देखें तो पिछली तीन दिनों में ही 33 हजार अभ्यर्थी काउंसलिंग कराकर बीएड कॉलेजों में प्रवेश ले चुके हैं। ऐसे में इस साल बीएड में प्रवेश लेने वालों का आंकड़ा बढ़कर 73 हजार के आसपास पहुंच गया है। बीयू कुलसचिव विनय कुमार सिंह का कहना है कि बीएड की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी सीधी काउंसलिंग में किसी भी महाविद्यालय में 750 रुपये काउंसलिंग फीस जमा कर सीट खाली रहने पर प्रवेश ले सकते हैं।
