Spread the love




अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। मथुरा से बीना तक डाली जा रही तीसरी लाइन का काम आखिरी दौर में चल रहा है। झांसी मंडल के छह से ज्यादा रेलखंडों में तीसरी लाइन का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। वहीं तीन रेलखंडों में ट्रेनों की स्पीड भी बढ़ा दी गई है। त्योहारी सीजन में रेलवे के लिए तीसरी लाइन मददगार बनेगी। रेलवे अफसरों ने इसका प्लान भी तैयार कर लिया है।

2016 में कैबिनेट ने मथुरा से झांसी तक 273.80 किमी और झांसी से बीना तक 152.57 किमी लंबी तीसरी रेल लाइन के निर्माण की मंजूरी दी थी। इसके बाद रेलवे ने तीसरी लाइन का निर्माण कार्य शुरू किया। अब झांसी मंडल में झांसी से बीना तक तीसरी लाइन का काम 90 फीसदी पूरा हो गया है। इसके बाद छह रेलखंडों में तीसरी लाइन पर ट्रेनें रफ्तार भी भर रही हैं। अब रेलवे ने तीसरी लाइन पर ललितपुर से बिजरौठा तक 29 किमी, डबरा से आंतरी तक 20 किमी और ललितपुर से जाखलौन तक 17 किमी लंबे रेलखंड में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ा दी है। अब इन सेक्शन में 110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से ट्रेनें दौड़ सकेंगीं। वहीं झांसी-कानपुर रेलवे ट्रैक पर मालसा से पामन के बीच ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई गई है।

रेलवे अफसरों के मुताबिक त्योहारी सीजन में विशेष ट्रेनों का संचालन होने से ट्रैक पर ट्रेनों की संख्या बढ़ जाएगी। ऐसे में तीसरी लाइन काफी मददगार बनेगी।

झांसी-दतिया के बीच स्पीड ट्रायल कल

झांसी-दतिया के बीच तीसरी रेल लाइन पर मंगलवार को स्पीड ट्रायल होगा। इस दौरान 100 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से ट्रेन दौड़ाई जाएगी। रेलवे ने लोगों से तीसरी लाइन से दूर रहने की अपील की है।

तीसरी रेल लाइन का काम तेज गति से चल रहा है। कई रेलखंडों में ट्रेनों का संचालन भी हो रहा है। तीन रेलखंडों में ट्रेनों की गतिसीमा में इजाफा किया गया है। – मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, झांसी रेल मंडल



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *