Spread the love




अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ के नाती प्रवीण अमरैया की गोली लगने के बाद गर्दन की नसें फट गई थीं। इससे खून बहना शुरू हो गया। अगर अस्पताल पहुंचने में देरी हो जाती तो समस्या बढ़ सकती थी। मेडिकल कॉलेज में प्रवीण की पौन घंटे तक सर्जरी चली। अब वह खतरे से बाहर है।

सूजे खां खिड़की अंदर निवासी प्रवीण पर शनिवार रात करीब नौ बजे घर के बाहर दो युवकों ने तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली करीब पांच फुट की दूरी से मारी गई, उसे घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक गोली एक तरफ के जबड़े के नीचे से होते हुए गर्दन के ऊपरी हिस्से से आरपार निकल गई। गर्दन में काफी नसें होती हैं, जो दिमाग तक जाती हैं। गोली से मुख्य नस तो बच गई मगर आसपास की कई नसों को क्षतिग्रस्त कर दिया। नसें फटने से काफी खून बहना शुरू हो गया। मेडिकल कॉलेज में ईएनटी सर्जन डॉ. चांदनी सेठी ने सर्जरी की। करीब 45 मिनट तक चली सर्जरी के बाद क्षतिग्रस्त नसों को ठीक किया गया। साथ ही गोली आरपार निकलने के बाद दोनों तरफ हुए घाव पर टांके लगाए गए। डॉ. चांदनी ने बताया कि प्रवीण अब खतरे से बाहर है। उसे वार्ड में शिफ्ट कर गया है। वहीं, नाती का हाल जानने के लिए राज्यमंत्री भी रविवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से भी बातचीत की।

राज्यमंत्री के नाती पर हमला करने में दो नामजद

झांसी। राज्यमंत्री के नाती प्रवीण अमरैया पर जानलेवा हमला करने के आरोप में कोतवाली में सूजे खां खिड़की निवासी निवासी भरत यादव एवं बाबा का हाता निवासी शिवा अहिरवार समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस पिछले करीब 24 घंटे से दोनों की तलाश में जुटी है लेकिन, यह दोनों ही अब तक पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। वहीं, रविवार को पुलिस अफसरों ने भी अस्पताल में पहुंचकर प्रवीण से घटना की जानकारी ली। प्रवीण ने पुलिस को बताया कि दशहरा के दिन मोहल्ले में भंडारा था। हलवाइयों ने खाना बनाने में कुछ गलती कर दी थी। शराब के नशे में भरत हलवाई के साथ अभद्रता कर रहा था। प्रवीण ने भरत को रोका लेकिन वह मान नहीं रहा था। गुस्से में प्रवीण ने भरत को एक थप्पड़ मार दिया। इसी बात को लेकर भरत ने रंजिश मान ली। शनिवार रात मौका मिलने पर उसने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने छानबीन के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने पास रख ली है। सीओ सिटी राजेश राय के मुताबिक आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए लाया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *