सिरसाकलार (जालौन)। दीवार फांदकर किसान के घर में घुसे चोर अलमारी तोड़कर उसमें रखे जेवर, नकदी और लाइसेंसी बंदूक उठा ले गए। सुबह परिजन कमरे में गए तो अलमारी टूटी और सामान बिखरा मिला। चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी, सीओ और थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच की।
थाना क्षेत्र के गुपलापुर गांव निवासी किसान राघवेंद्र सिंह सेंगर के घर रविवार की रात घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोर 50 हजार रुपये, सोने की चार चूड़ियां, छह अंगूठी, सोने का हार और चांदी के जेवर पार कर दिए। इसके अलावा चोर अलमारी में रखी लाइसेंसी दोनाली बंदूक भी साथ ले गए हैं।
सुबह जब सोकर जागे परिजन कमरे में गए तो टूटा ताला देख उनके होश उड़ गए। परिजनों की सूचना पर एएसपी असीम चौधरी, सीओ रविंद्र कुमार गौतम, थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। पीड़ित ने बताया कि उसके यहां करीब पांच लाख की चोरी हुई है।
एएसपी असीम चौधरी का कहना है कि करवाचौथ के दिन साफ-सफाई के बाद अलग कमरे में सामान भरकर परिजनों ने रख दिया था। कुछ साक्ष्य मिले हैं, जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
घर में थीं महिलाएं, बाकी गए थे खेत पर
जिस समय चोर घर में घुसे उस दौरान घर के पुरुष मौजूद नहीं थे। धान की कटाई होने पर सभी खेत पर गए थे। घर में केवल महिलाएं थीं। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी जानकार ने ही घर में चोरी करवाई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
