Spread the love




– मेडिकल कॉलेज में हुए बवाल की जांच शुरू, समिति ने सीसीटीवी फुटेज, वीडियो देखे

– मारपीट और बवाल में शामिल आठ नर्सिंग छात्र और दो एमबीबीएस इंटर्न चिह्नित

अमर उजाला ब्यूरो

झांसी। मेडिकल कॉलेज में तीन नवंबर को हुई मारपीट और बवाल प्रकरण में जांच समिति के सामने कोई भी नर्सिंग छात्र बयान देने नहीं पहुंचा। जबकि, प्राचार्य कक्ष में एमबीबीएस इंटर्न छात्रों से कमेटी ने पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो के आधार पर चार एमबीबीएस और आठ नर्सिंग के छात्र चिह्नित किए गए हैं।

मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को बीएससी नर्सिंग और एमबीबीएस इंटर्न छात्रों के बीच मारपीट के बाद बवाल हो गया था। इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने जांच समिति गठित कर दी थी। सोमवार को कमेटी ने अपनी जांच शुरू कर दी। पड़ताल के दौरान कमेटी ने नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य और उप प्राचार्य को भी बुला लिया। ताकि, मारपीट और तोड़फोड़ की फुटेज के आधार पर दोषी छात्र-छात्राओं को चिह्नित किया जा सके। 31 अक्तूबर को बर्न वार्ड में नर्सिंग छात्र की पिटाई के दौरान मौके पर मौजूद नर्सिंग स्टाफ के भी बयान दर्ज किए गए। उसने बताया कि एक एमबीबीएस इंटर्न ने नर्सिंग छात्र को पीटा था। जबकि, तीन इंटर्न बीच-बचाव करते हुए आरोपी को बाहर ले गए थे। कमेटी ने एक-एक करके आठ एमबीबीएस इंटर्न छात्रों को बुलाकर पूछताछ की। वहीं, विश्वविद्यालय चौकी के सामने एमबीबीएस इंटर्न को पीटने और तोड़फोड़ की घटना में शामिल आठ नर्सिंग छात्र चिह्नित किए गए हैं। इनकी संख्या और बढ़ सकती है। वहीं, कमेटी के सामने कोई भी नर्सिंग छात्र बयान देने नहीं पहुंचा। कमेटी की जांच मंगलवार को भी जारी रहेगी।

चार फुटेज, वीडियो के आधार पर हो रही जांच

प्राचार्य कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरे, विश्वविद्यालय चौकी पुलिस और सीनियर ब्वॉयज हॉस्टल के सामने हुई मारपीट की घटना के मोबाइल से बनाए गए वीडियो समेत चार फुटेज के आधार पर कमेटी जांच कर रही है और आरोपियों को चिह्नित किया जा रहा है।

सोमवार को कमेटी ने अपनी जांच शुरू कर दी है। कोई नर्सिंग छात्र बयान देने नहीं आया। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल से बनाए गए वीडियो के आधार पर चार एमबीबीएस इंटर्न और आठ नर्सिंग छात्र चिह्नित हुए हैं। मंगलवार को भी जांच चलेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – डॉ. सचिन माहुर, सीएमएस, मेडिकल कॉलेज।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *