– कई ट्रेनों में वेटिंग 200 पार, तो कई हो गईं नोरूम, तत्काल टिकट के लिए मारामारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दिवाली और छठ मनाने के लिए लाेग अपने घरों से निकल पड़े हैं। इसके साथ ही ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई है। लंबी दूरी की ट्रेनाें में यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। आलम यह है कि सीट को लेकर यात्रियों में झगड़े तक हो रहे हैं। इसके साथ ही गोरखपुर-बिहार, आगरा, भोपाल की ओर जाने वाली ट्रेनों में अब सीटें ही नहीं बची हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग 200 के पार है और कई नोरूम हो गई हैं। ऐसे में तत्काल टिकट पाने के लिए भी मारामारी मची हुई है।
दिवाली और छठ को लेकर रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, लेकिन यात्रियों की भीड़ के आगे ट्रेनें कम पड़ रही हैं। बुधवार से लोग त्योहार मनाने के लिए घरों की ओर निकल पड़े। इसके चलते ट्रेनों में खासी भीड़ नजर आई। स्लीपर और एसी कोचों का हाल भी अनारक्षित डिब्बे जैसा नजर आया। आलम यह रहा कि कई यात्रियों ने ट्रेन में लटककर सफर किया। आरक्षित कोचों में वेटिंग और जनरल टिकट वाले यात्रियों के घुस जाने से आरक्षण कराने वाले यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
यह है ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति
– गोरखपुर और बिहार की ओर जाने वाली ट्रेनों की स्थिति
राप्तीसागर एक्सप्रेस में 10 और 12 नवंबर को स्लीपर क्लास में नोरूम है। यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस में स्लीपर क्लास में 49, एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस में 52, ग्वालियर-बरौनी मेल में 299, कुशीनगर एक्सप्रेस में 57, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एक्सप्रेस में 153, लखनऊ जाने वाली पुष्पक एक्सप्रेस में नोरूम, साबरमती एक्सप्रेस मेंं 111, महाकाल एक्सप्रेस में 49, भोपाल प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में 93 वेटिंग है।
– दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों की स्थिति
10 नवंबर को दिल्ली की ओर जाने वाली आंध्रप्रदेश एक्सप्रेस में 32, शान ए भोपाल एक्सप्रेस में 72, उत्कल एक्सप्रेस में 87, समता एक्सप्रेस में 82, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 62, तमिलनाडु एक्सप्रेस में 38, कर्नाटका एक्सप्रेस में 69, छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में नो रूम, सचखंड एक्सप्रेस में नो रूम, केरला एक्सप्रेस 68, पातालकोट एक्सप्रेस में 80, गोवा एक्सप्रेस 53 वेटिंग है।
– भोपाल की ओर जाने वाली ट्रेनों की स्थिति
10 नवंबर को आंध्र प्रदेश एक्सप्रेस में 141, केरला एक्सप्रेस 26, कर्नाटका एक्सप्रेस में 30, तमिलनाडु एक्सप्रेस में 32, पुष्पक एक्सप्रेस में तत्काल में भी 35, साईं शिरडी एक्सप्रेस में 75, अमृतसर नांदेड एक्सप्रेस में 83, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में 40, समता एक्सप्रेस में 46, यशवंतपुर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 111, राप्तीसागर एक्सप्रेस में 84 वेटिंग और पातालकोट एक्सप्रेस में नोरूम है।
इन ट्रेनों में मिल रही सीट
रेलवे अफसरों के मुताबिक मुंबई-कटिहार, पुणे-झांसी, झांसी-बांद्रा, बांद्रा-झांसी, पुणे-कानपुर, छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, बलिया-दादर, सूबेदारगंज-बांद्रा एक्सप्रेस में इन दिनों सीटें खाली हैं।
