संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Thu, 09 Nov 2023 12:22 AM IST
उरई। दिवाली के त्योहार को लेकर रोडवेज ने तैयारियां तेज कर दी है। 10 नवंबर से 20 नवंबर तक रोडवेज के सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई है। साथ ही की साप्ताहिक अवकाश पर भी रोक लगा दी है। अपरिहार्य कारणों में क्षेत्रीय प्रबंधक के स्तर से ही अवकाश स्वीकृत होगा। दिल्ली जाने वाली बसों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दुर्गाशंकर ने बताया कि दिवाली के त्योहार पर तैयारियां तेज कर दी गई है। 10 नवंबर से 20 नवंबर तक विशेष रुप से रोडवेज बसों का संचालन होगा। मेंटीनेंस का काम लगातार होता रहेगा। प्रवर्तन दल को सक्रिय कर दिया गया है। त्योहार अवधि में काम करने वाले चालक परिचालकों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। चालक परिचालक जिसमें संविदा कर्मी भी शामिल होंगे, उन्हें रोजाना 350 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो अधिकतम साढ़े तीन हजार रुपये तक होगी। इस प्रोत्साहन अवधि में रोजाना तीन सौ किलोमीटर संचालन करना होगा। यदि यह कार्मिक 11 दिन संपूर्ण प्रोत्साहन अवधि तक काम करते है और किलोमीटर का मानक पूरा करते हुए चार सौ रुपये प्रति दिवस की दर से 11 दिनों के लिए 4400 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके अलावा अन्य अधिकारी और स्टाफ को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कंप्यूटराइज्ड ड्यूटी लगाई जाएगी। कोई भी बस बिना एटीएम मशीन के मार्ग पर संचालित नहीं की जाएगी। सभी कर्मचारियों को समान रुप से योजना का लाभ दिलाने को कहा गया है।
