खोही(चित्रकूट)। कामदगिरी परिक्रमा मार्ग चित्रकूट (मप्र) में भिक्षा मांग कर परिवार का भरण पोषण करने वाली नाबालिग के साथ दो युवकों ने दुष्कर्म किया। मामले की जानकारी होने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
नयागांव चित्रकूट मप्र क्षेत्र के परिक्रमा मार्ग पर 15 साल से भिक्षा मांग कर जीवन यापन करने वाली दिव्यांग महिला ने बताया कि पति के निधन के बाद से वह दो बेटियों के साथ यहीं रहती है। श्रद्धालुओं से मिलने वाली भिक्षा से ही सभी का भरण पोषण होता है। गुरुवार की शाम को उसकी बडी पुत्री (13 वर्ष) अचानक गायब हो गई। कई जगह वह पुत्री की तलाश करती रही, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
शुक्रवार की शाम को उसकी पुत्री लौटी तो उसके एक हाथ में रस्सी बंधी थी। पूछताछ में पुत्री ने बताया कि दो युवक उसे पकड़कर सुनसान स्थान पर ले गए थे। उसके साथ दोनों ने दुष्कर्म किया। उसके दोनों हाथ बांध दिए थे और धमकी दी थी कि किसी को बताया कि जान से मार देंगे।
इसके बाद वह वहां से किसी तरह भागी तो रास्ता भटक गई। शाम को मां के पास पहुंची और पूरी बात बताई। थाना प्रभारी पंकज शुक्ला मौके पर पहुंचे और पूरी जानकारी के बाद शनिवार की सुबह किशोरी के बयान लिए गए। इसके बाद कामतन मोहल्ला निवासी दो युवक राकेश व राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही दोनों को पकड़ा जाएगा।
