जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास स्थित छिरिया मलकपुरा पुलिस चौकी का शुभारंभ एसपी डॉ. ईराज राजा ने किया। उन्होंने कहा कि चौकी खुलने से पुलिसिंग व्यवस्था बेहतर होगी। शरारती तत्वों की स्टंटबाजी, संदिग्धों और यातायात व्यवस्था की भी बेहतर निगरानी की जा सकेगी।
इस पुलिस चौकी से कोतवाली क्षेत्र के लहचूरा, सुढ़ार, सालाबाद, तामां, लहरउआ, कुंदनपुरा, कोरीपुरा, धनौराकलां, जीपुरा, अलाईपुरा, औरेखी, शेरपुरा, मलकपुरा, छिरिया सलेमपुर, अमखेडा़, पमां, दमां समेत 28 गांवों को संबद्ध किया गया है। चौकी प्रभारी के पद पर राजकुमार पांडेय की नियुक्ति की गई है। समाजसेवी श्रवण कुमार द्विवेदी ने क्षेत्रीय लोगों से आपसी झगड़ों को सहमति के आधार पर सुलझाने और पुलिस का सहयोग करने की बात कही।
मलकपुरा प्रधान ने जुआ और शराब जैसी सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने की बात कही। एसपी ने कहा कि जालौन बंगरा मार्ग पर तेज रफ्तार फर्राटा भरने के चलते आए दिन सड़क दुर्घटना होती हैं। इसी मार्ग पर छिरिया सलेमपुर गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का कट भी है। जिससे हादसों और अराजकतत्वों के वहां रहने की आशंका है। ऐसे में दुर्घटना में होने वाले घायलों को शीघ्र मदद उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
इस मौके पर एएसपी असीम चौधरी, एसडीएम सुरेश कुमार, सीओ रविंद्र गौतम, कोतवाल विमलेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन, पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, छिरिया प्रधान प्रतिनिधि आशू तिवारी, मलकपुरा प्रधान अमित, महेशचंद्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
