संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। पंद्रह साल से अधिक आयु पूरी कर चुके जिले के सवा लाख वाहन स्वामियों ने अपने वाहनों का दोबारा पंजीकरण नहीं कराया है। ऐसे वाहन संभागीय परिवहन विभाग के लिए परेशानी का सबब बने हैं।
जिले में दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया सहित कुल वाहनों की संख्या तकरीबन पांच लाख से अधिक है। सरकार की स्क्रैप पालिसी के अंतर्गत जिले के सवा लाख से अधिक वाहन पंद्रह साल से अधिक आयु पूरी कर चुके हैं। नियमानुसार इन वाहनों का दोबारा से पंजीकरण कराने के बाद वाहनों के रजिस्ट्रेशन को पांच साल तक बढ़ाया जा सकता है। लेकिन संभागीय परिवहन के अधिकारियों द्वारा कई बार सूचना देने के बाद भी वाहन स्वामियों ने दोबारा पंजीकरण नहीं कराया है। इसके साथ ही किसी भी वाहन स्वामी ने पंजीकरण नहीं कराने का आवेदन किया है। जिसके चलते अब तक यह वाहन कबाड़ भी घोषित नहीं किए जा सके हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में अखबारों के माध्यम से दोबारा पंजीकरण करने की अपील की गई है। एक बार फिर सूचना जारी की जाएगी।
