माधौगढ़। मिहोनी के पास नहर कटने से चार गांवों की लगभग 600 बीघा में खड़ी फसल जलमग्न हो गई है। खेतों में पानी भरने की खबर सुन तहसील अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। अधिकारियों ने किसानों को जांच करवाकर मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है।
सिंचाई विभाग द्वारा दो दिन से फुलगेज से नहर चलाई जा रही थी। शुक्रवार की रात डिकौली के पास गंदा नाला के पास नहर कट गई। पानी का बहाव तेज होने से मिहौनी, रुदपुरा, डिकौली और मींगनी गांव के 100 किसानों की लगभग 600 बीघा खेत जलमग्न हो गए है। सुबह जब किसान अपने खेतों पर काम करने के लिए पहुंचे तो किसानों ने खेत जलमग्न देखकर हैरान रह गए।
किसान अनिल सिंह,बीपी सिंह,फूलसिंह कुशवाहा, पंकज सिंह, लाखन सिंह आदि का कहना है कि अगस्त महीने में मूसलाधार बारिश होने ने खरीफ की फसल बर्बाद हो गई थी। नहर कटने से सैकड़ों बीघा किसानों के खेत जलमग्न हो गए है। किसानों का कहना है कि खेतों में खड़ी चना, मटर, सरसो,मसूर, आदि की फसलों की बुआई एक माह पहले कर दी गई थी। पानी भर जाने से फसल बर्बाद हो गई है। साथ ही खाद बीज का पैसा भी बर्बाद हो गया।
एसडीएम शशिभूषण का कहना है कि नहर विभाग के जेई सचिन कुमार व एई सीपी सिंह को सुबह छह बजे सूचना दे दी गई थी। सूचना के बाद देर से मौके पर पहुंचे है। जिसकी शिकायत उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। पानी भरने से जिस किसान का नुकसान हुआ है। किसान द्वारा शिकायत मिलने पर जांच करवा मुआवजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।
