
बांदा में मिला महिला का शव
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बांदा मेडिकल कॉलेज में सत्तर सीसीटीवी कैमरे व 36 गार्डों की तैनाती व परिसर में ही पुलिस चौकी होने के बावजूद 29 घंटे तक प्रसूता गायब रही और जब मिली तो उसकी लाश। इस घटना ने कॉलेज प्रशासन पर तो सवाल खड़े किए हैं, पुलिस की भी सक्रियता पर सवालिया निशान लगा दिया है।
जिस जगह महिला का शव मिला वहां और इमरजेंसी से लेकर एसएनसीयू वार्ड तक के अंदरूनी कॉरीडोर में एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा मिला। घटनास्थल के आसपास भी सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। इससे लग रहा है यदि वारदात हुई है तो इसको अंजाम देने वाले शातिर कैंपस के बारे में पूरी जानकारी रखते थे।
रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी से लेकर एसएनसीयू वार्ड तक जाने वाले कॉरीडोर में सन्नाटा भी रहता है। इमरजेंसी वार्ड में बाहरी हिस्से में सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है, जिससे महिला को बुधवार को सुबह 5:42 बजे अकेले निकलते हुए देखा गया है। इमरजेंसी गेट में दो गार्ड तैनात रहते है।
