बांदा। घर में पढ़ाई को लेकर मां ने 12वीं की छात्रा को डांट दिया तो उसने जहर खाकर खा लिया। हालत बिगड़ने में परिजन उसे लेकर अतर्रा सीएचसी पहुंचे। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
चित्रकूट जनपद के सुदिनपुर गांव निवासी सुधा (17) को शनिवार की शाम उसकी मां चंदा ने पढ़ाई को लेकर डांट दिया। जिससे क्षुब्ध होकर उसने घर में रखा जहर खा लिया। कुछ देर बाद परिजनों को जानकारी हुई तो उन्होंने उसे अतर्रा सीएचसी पहुंचाया। वहां उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सुधा ने दम तोड़ दिया। चाचा दीनदयाल ने बताया कि पिता बब्बू हैदराबाद में टायल्स का काम करते हैं। वह वहां से चल दिए हैं। दो भाइयों में एकलौती थी। बदौसा इंटर कॉलेज में 12वीं की छात्रा थी। मेडिकल कॉलेज चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि परिजन मां की डांट से क्षुब्ध होकर जहर खाने की बात कह रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
