संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। फेफड़ों और सांस संबंधी जांच के लिए जिला अस्पताल के कमरा नंबर 36 में स्पाइरोमेट्री जांच शुरू की गई है। महीने के प्रत्येक बुधवार को अस्पताल में सांस के मरीजों की जांच निशुल्क होगी। अस्पताल के सीएमएस ने फीता काटकर स्पाइरोमेट्री सेंटर का शुभारंभ किया।
स्पाइरोमीटर मशीन के माध्यम से स्पाइरोमेट्री टेस्ट अथवा पल्मोनरी फंगशन टेस्ट (पीएफटी) से मरीजों फेफड़े और सांस संबंधी बीमारियों का पता लगाया जा सकता है। जिला अस्पताल में यह सुविधा नहीं होने पर सांस के मरीजों को निजी अस्पतालों में जांच कराना पड़ती थी। इसके एवज में मरीजाें को पंद्रह सौ से दो हजार रुपये अदा करना पड़ता था। मरीजों की परेशानियों काे देखते हुए अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्पाइरोमेट्री टेस्ट की सुविधा को शुरू कर दिया गया है। स्पाइरोमेट्री सेंटर के संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. डीएस गुप्ता को सौंपी गई है। मंडलीय प्रमुख अधीक्षक डॉ. प्रमोद कटियार ने बताया कि सांस के मरीजों के लिए अस्पताल में स्पाइरोमेट्री सेंटर का शुभारंभ किया गया है।
