बांदा। जिले की दोनों नगर पालिका परिषदों बांदा और अतर्रा में कमल खिला है। भाजपा ने यह सीटें सपा और भाकपा से छीनी हैं। भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई बांदा नगर पालिका सीट में पिछले चुनाव से 66 फीसदी ज्यादा वोटों के साथ जीती है। भाजपा की मालती गुप्ता बासू को 33,191 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की गीता मोहन साहू को 2967 से पराजित किया। कांग्रेस और बसपा समेत चार अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
उधर, सपा की गीता मोहन साहू को 30,224 वोट हासिल हुए, जबकि पिछले 2017 के चुनाव में सपा ने 22,919 वोटों के साथ यह सीट जीती थी। अबकी 32 फीसदी वोटों का इजाफा होने के बाद भी उसकी वापसी नहीं हुई। पिछली बार गीता के पति मोहन साहू (सपा प्रत्याशी) ने चुनाव जीता था। सबसे ज्यादा वोट का घाटा बसपा और कांग्रेस को हुआ। इन दोनों दलों ने पिछले चुनावों के मुकाबले इस बार क्रमश: 60 और 75 फीसदी वोट गंवाए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी आदि शक्ति दीक्षित को सिर्फ 4752 और बसपा की रिजवाना नोमानी को मात्र 2597 वोट ही हाथ आए हैं। यहां 253 मतदाताओं ने इन सभी प्रत्याशियों को खारिज करते हुए नोटा में वोट डाला। कुल मतदान 75,817 हुआ। इसमें 4052 वोट अवैध घोषित हो गए। वैध वोटों की संख्या 71,765 रही। 68 डाक मतपत्रों से वोट पड़े।
उधर, जिले की दूसरी नगर पालिका अतर्रा में भी भाजपा ने अपना परचम लहराया है। भाजपा प्रत्याशी संगीता निराला 6296 वोटों के साथ विजयी घोषित हुईं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी सपा की सुषमा सोमचंद्र को 261 वोटों से हराया। सुषमा को 6037 वोट मिले। भाजपा से नाता तोड़कर बसपा में आमद कराने वाले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा की पत्नी आशा वर्मा यहां बसपा से प्रत्याशी थीं। वह 5293 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहीं। कांग्रेस की पुष्पा जाटव को सिर्फ 2551 वोट मिले। इनके अलावा सपा की उर्मिला को 113, जन अधिकार पार्टी की सुषमा सुनील को 339 वोट प्राप्त हुए। अतर्रा के 62 मतदाताओं ने सभी छह प्रत्याशियों को नापसंद करते हुए नोटा पर मुहर लगाई। अतर्रा में कुल मतदान 22,068 हुआ था। 1377 वोट अवैध घोषित हो गए। 20,691 वोट वैध पाए गए। सपा और बसपा सहित अन्य प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
चार्ट
बांदा नगर पालिका में पिछले और इस चुनाव में प्रमुख दलों के मतों स्थिति
पार्टी 2017 2023 घटे/बढ़े
भाजपा 19,892 33,191 13,299 बढ़े
सपा 22,919 30,224 7305 बढ़े
कांग्रेस 11,959 4752 7207 घटे
बसपा 10,720 2597 8123 घटे
