संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाले परीक्षार्थियों की संख्या इस बार घट गई है। परीक्षाओं में पिछले साले मुकाबले इस बार 2,904 परीक्षार्थी कम शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जल्द ही बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। पिछले साल की तुलना में इस बार की परीक्षा में 2,904 परीक्षार्थी कम शामिल होंगे। पिछले साल हाईस्कूल की परीक्षा में 24,810 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए थे, जबकि इस बार 24,489 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इसी तरह इंटरमीडिएट में पिछले साल 24,537 परीक्षार्थी थे, जबकि इस बार यह संख्या घटकर 21,954 रह गई है।
वहीं, हाईस्कूल में व्यक्तिगत परीक्षा देने वालों की संख्या भी घटी है। पिछले साल हाईस्कूल में 237 परीक्षार्थी व्यक्तिगत रूप से पंजीकृत थे, जबकि इस बार यह संख्या 229 रह गई है। जबकि, इंटरमीडिएट में व्यक्तिगत परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ी है। पिछले साल इंटर में 1275 परीक्षार्थी व्यक्तिगत पंजीकृत थे, जो इस बार बढ़कर 1357 हो गए हैं।
इसके अलावा गत सत्र में 74 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं हुई थीं, परंतु परीक्षार्थी घटने पर इस बार परीक्षा केंद्र कम होने की संभावना है। इस बार परीक्षा केंद्र का निर्धारण ऑनलाइन एप के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय समिति परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कर आख्या देगी। हालांकि, पिछले साल दो विद्यालयों के परीक्षार्थियों की प्रवेश पत्र में फोटो न होने के कारण और एक परीक्षा केंद्र सीसीटीवी में गड़बड़ी को लेकर जांच के घेरे में आए थे, लेकिन परीक्षा होते ही जांच भी फाइलों में दबकर रह गई थी।
डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही बोर्ड द्वारा परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी जाएगी। इस बार जिले से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 46,443 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
