मुहम्मदाबाद। बेतवा नदी में बुधवार को मिले शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि आए दिन के झगड़े को लेकर उसने अपने बेटे को मौत के घाट उतारा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि घटना में और भी लोग शामिल हैं।
मोहाना गांव निवासी सुखनंदन ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया था कि करीब एक सप्ताह पहले मृतक आमोद के पिता बरातीलाल खेतों में काम कर रहे थे। तभी आमोद के पुत्र ने अपने दादा बरातीलाल को फोन पर बताया कि पिता आमोद शराब के नशे में उसकी मां को बेरहमी से पीट रहे हैं। जब बरातीलाल घर पहुंचे तो आमोद से झगड़ा होने लगा। इस बीच बरातीलाल ने आमोद पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसे मार दिया। इसके बाद शव को ठेले पर रखकर नदी किनारे ले जाकर गाड़ दिया।
शव मिलने पर पुलिस ने इसकी तहकीकात की तो मामला सामने आया। सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि हत्यारोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है तथा हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी व शव गाड़ने के लिए प्रयोग किया गया फावड़ा आदि बरामद कर लिया गया है। हत्यारोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, सूत्रों के अनुसार बुधवार की रात पुलिस ने मृतक आमोद की मां और पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया था।
मुहम्मदाबाद। आमोद कुमार की हत्या के बाद शव बेतवा नदी तक पहुंचाना एक आदमी के बस की बात नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि घर में हत्या के बाद शव को करीब तीन किलोमीटर बेतवा नदी तक बरातीलाल ठेले से ले गया।
इसके अलावा शव को नदी का भरा पानी पार कराकर दूसरे किनारे पर पहुंचाया गया और रेत में उसका शव दबाया गया था। हत्यारोपी के साथ और भी कुछ लोग हो सकते हैं, जिन्होंने उसकी इस काम में मदद की होगी। पुलिस जांच कर रही है।
