Spread the love


समथर में युवक की मौत का मामला… विद्युत अभियंताओं की लापरवाही से तीन माह से नीचे झूल रही थी हाईटेंशन लाइन, ग्रामीण लगाते रहे गुहार

अमर उजाला ब्यूरो

समथर (झांसी)। बरनाया गांव से गुजरी 11 केवी की हाईटेंशन लाइन ने नहीं बल्कि अफसरों की उदासीनता ने 18 साल के कृष्णा की जान ली। समस्याओं को टरकाने और आमजन की बात न सुनने की आदत से मौत की यह हाईटेंशन लाइन पिछले करीब तीन महीने से झूल रही थी और आखिरकार उसने अपना शिकार कर ही लिया। स्थानीय निवासी संतराम, लवकुश, राम शिरोमणि समेत अन्य ग्रामीणों का कहना है उन्होंने कई दफा विद्युत अभियंताओं से गुहार लगाई लेकिन, तार ठीक नहीं कराए गए। तार के नीचे लटकने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। तहसील दिवस में भी जाकर कहा कि हाईटेंशन लाइन होने की वजह से यहां कभी भी हादसा हो सकता है… लेकिन, इसे दुरुस्त करने का काम नहीं कराया गया। कृष्णा के दादा चतुर सिंह का कहना है कि यह हादसा विद्युत विभाग की लापरवाही से हुआ। जिस जगह हादसा हुआ, वहां आसपास के तीन विद्युत खंभे टूटे हुए हैं। इस वजह से यह तार नीचे लटक रहे थे। पिछले करीब तीन माह से इसकी लगातार शिकायत की जा रही थी लेकिन, इसके बावजूद इसे ठीक नहीं कराया गया।

इनसेट

इकलौते बेटे की लाश देख बिलख उठी मां

इकलौते बेटे कृष्णा की लाश देखकर मां नीतू बिलख पड़ी। सुबह ही मां ने कृष्णा को नाश्ता कराया था। मां उससे कह रही थी कि खाना खाने के बाद वह बाहर जाए लेकिन, कृष्णा माना नहीं। मां से जल्द लौटकर आने की बात कहकर निकल गया था लेकिन, उसके लौटने के बजाए घर उसकी मौत की खबर पहुंची। हादसे की बात जैसे ही उसकी मां ने सुना वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजनों ने किसी तरह उनको संभाला। होश में आते ही बेतहाशा घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ीं। यहां कृष्णा का बुरी तरह से झुलसा हुआ शव पड़ा हुआ था। यह दृश्य देखकर उसकी मां चीत्कार कर उठी। मां नीतू का रोना-पिटना देखकर वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो उठीं। किसी तरह पुलिस उसका शव कब्जे में ले सकी। इकलौते बेटे की मौत से पिता को भी गहरा सदमा लग गया। गांव के लोगों ने किसी तरह उनको संभाला। एसडीएम मोंठ मनोज कुमार, तहसीलदार प्रभात सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

तार और खंभों के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत अभी तक संज्ञान में नहीं आई है। इसकी जांच कराई जाएगी। अगर यहां खंभे और तार क्षतिग्रस्त हैं तब उनको तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।

राजीव महेश्वरी

मुख्य अभियंता, विद्युत विभाग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *