मानिकपुर (संवाद)। साधन सहकारी समितियों में डीएपी खाद न मिलने से किसानों में आक्रोश है। गुरुवार की दोपहर सरैंया के किसानों ने कर्वी-मानिकपुर राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया। ब्लाॅक प्रमुख और चौकी प्रभारी के आश्वासन पर लगभग दो घंटे बाद जाम खुल पाया।
किसान रामजी, सोहनलाल, राजेश, लवलेश, कल्लू ने बताया कि विकास खंड स्थित साधन सहकारी समितियों में डीएपी खाद की किल्लत है। आवश्यकता के मुताबिक सहकारी समितियों में डीएपी नहीं मिल रही है। आरोप लगाया कि मानिकपुर, किहुनिया, कल्याणपुर में लगभग दस दिनों से सहकारी समितियों में ताला लगा है। गुरुवार को खाद वितरण में अनियमितता होने से किसानों ने कर्वी-मानिकपुर राजमार्ग में जाम लगाकर विरोध जताया। मौके पर ब्लाॅक प्रमुख अरविंद मिश्रा व चौकी प्रभारी यदुवीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाकर जाम खुलवाया।साधन सहकारी समिति पहुंचकर सचिव बालकेश्वर कंचनी को नियमानुसार खाद वितरण के निर्देश दिए।
