आकस्मिक स्थिति में यात्री भी कर सकेंगे उपयोग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ट्रेनों में आग लगने की एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं से सबक लेते हुए रेल प्रशासन की ओर से ट्रेनों के जनरल व स्लीपर कोचों में अग्निशमन यंत्र लगा दिए गए हैं। आकस्मिक स्थिति में यात्री आग बुझाने के इन यंत्रों का उपयोग कर सकेंगे।
पिछले सप्ताह ग्वालियर में बुंदेलखंड एक्सप्रेस के एक कोच में आग लग गई थी। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। इसके बाद हाल ही में कुछ और ट्रेनों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं हैं। इससे सबक लेते हुए रेल प्रशासन द्वारा झांसी रेल मंडल की सभी ट्रेनों के 170 कोचों में अग्निशमन यंत्र लगा दिए गए हैं। 110 यंत्र झांसी और 60 खजुराहो में लगाए गए हैं। यह सभी यंत्र जनरल और स्लीपर कोचों में लगाए गए हैं। जबकि, वातानुकूलित कोचों में यह पहले से ही लगे हुए थे।
डीआरएम ने देखे सुरक्षा इंतजाम
झांसी। बृहस्पतिवार को मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेनों व स्टेशन पर सुरक्षा इंतजाम देखे। त्योहारों के चलते स्टेशन पर उमड़ने वाली यात्रियों की भीड़ के प्रबंधन के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रेनों के सामान्य कोचों में कम से कम एक सुरक्षा कर्मी व टिकट जांच कर्मी की अनिवार्य रूप से तैनात रहे। यात्रियों को लगातार ट्रेनों में ज्वलनशील पदार्थ न ले जाने की हिदायत दी जाए। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल अभियंता आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, स्टेशन डायरेक्टर सीमा तिवारी आदि मौजूद रहीं। ब्यूरो
