जालौन। नगर के मुरलीमनोहर तालाब पर सड़क पर पानी बहने से काई जम गई है।
ऐसे में सुबह-शाम तालाब पर घूमने जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। लोगों को काई में फिसलने का डर बना रहता है। लोगों ने पालिकाध्यक्षा व ईओ से पानी के रिसाव को बंद कराने और काई को हटवाने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला मुरली मनोहर में ऐतिहासिक मुरलीमनोहर तालाब स्थित है। तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद तालाब पर सुबह शाम लोग घूमने के लिए जाते हैं। कुछ लोग तालाब में मछलियों को दाना भी चुगाते हैं। तालाब के पूर्वी गेट के पास सत्संग भवन है। सत्संग भवन के पास से तालाब की सड़क पर लगातार पानी का बहाव होता रहता है। लगातार पानी बहने से एक ओर जहां सड़क पर ही जलभराव हो रहा है तो दूसरी ओर सड़क पर काई जमा हो गई है।
ऐसे में सुबह-शाम तालाब पर घूमने जाने वाले लोग परेशान होते हैं। एक तो पानी में पैर जाने पर उनके कपड़े गंदे हो जाते हैं तो दूसरी ओर काई में पैर पड़ने पर उन्हें फिसलने का डर भी बना रहता है। विनय निगम, उमेश दीक्षित, पवन याज्ञिक, मानसिंह, सोमिल, इरफान, शाहीन, आरती, रूकसाना, दिव्या व संतोषी आदि ने बताया कि तालाब की सड़क पर पानी व काई जमा होने से दिक्कत होती है। उन्होंने पालिकाध्यक्षा नेहा मित्तल और ईओ सीमा तोमर से मांग करते हुए कहा कि तालाब पर सत्संग भवन की ओर से लगातार बहने वाले पानी को बंद कराया जाए।
मोहल्ला पुरानी नझाई निवासी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि वह तालाब पर घूमने के लिए जाते हैं ताकि स्वास्थ्य सही रहे। कुछ लोग भोर के समय पहुंच जाते हैं। अंधेरे में काई में पैर पड़ने पर कभी भी गिरकर घायल हो सकते हैं।
गणेशजी निवासी राजकुमार शर्मा बताते हैं कि पानी के लगातार बहाव से समस्या हो रही है। पानी बहने से काई जम गई है। यदि पालिका पानी का बहाव बंद करा देे तो समस्या का समाधान हो जाएगा।
सफाई निरीक्षक देवेंद्र कुमार बताते हैं कि सत्संग भवन के पास कहीं से पानी का रिसाव हो रहा है। जिसके चलते पानी बहता रहता है। वह रिसाव का पता लगवाकर उसे सही कराएंगे।
रामपुरा। नगर के कई मोहल्ले व मेन चौराहे पर लीकेज से सैकड़ों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। राजा मार्केट के पास नीरज की दुकान के सामने, विद्यालय के पास श्यामप्रकाश की दुकान के सामने आदि जगहों पर अभी तक इन लीकेज पानी की लाइनों को दुरुस्त नहीं कराया गया है। आलम यह है कि जब पानी की सप्लाई छोड़ी जाती है, तो पीने योग्य पानी नालियों में बहता रहता है। जलकल विभाग के जेई श्यामबहादुर वर्मा ने बताया कि सड़क के किनारे नई पाइप लाइनों को डाला जा चुका हैं। जिनके चालू होने के बाद पुरानी लाइन के लीकेज बंद हो जाएंगे।
