Spread the love


मुहम्मदाबाद। एक सप्ताह से लापता युवक का शव बेतवा नदी किनारे रेत में दबा मिला। चौकीदार की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों व मृतक के चाचा का आरोप है कि युवक की हत्या उसके पिता ने अन्य लोगों के साथ मिलकर करके शव को गायब कर दिया था। पुलिस ने पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में तरह तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि युवक के शव की शिनाख्त उसके चाचा ने कर ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।

डकोर कोतवाली क्षेत्र के मोहाना गांव निवासी बरातीलाल का 26 वर्षीय पुत्र आमोद कुमार पिछले सात नवंबर से लापता था। बुधवार की सुबह गांव का चौकीदार रसूल खां बेतवा नदी के किनारे गया था। जहां उसे रेत में दबा शव दिखाई दिया। इस पर उसने थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

पुलिस ने नदी किनारे दबे शव को निकाला तो उसके चाचा बबलू ने उसकी शिनाख्त आमोद कुमार के रूप में की। बबलू व गांव के आधा सैकड़ा लोगों ने पुलिस को बताया कि आमोद एक सप्ताह से लापता था। उसके पिता बराती लाल ने उसकी सोते समय हत्या कर शव को नदी किनारे दफनाया था। बबलू ने बताया कि एक सप्ताह पहले घर में झगड़ा भी हुआ था।

मृतक की पत्नी की संदिग्ध भूमिका को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने पिता बरातीलाल को हिरासत में ले लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि बरातीलाल के दो पुत्र हैं, जिसमें एक पुत्र प्रमोद बाहर रहता है।

मृतक आमोद मोहाना में ही स्थित बेतवा नदी पर बने केंद्रीय जल आयोग कार्यालय में संविदाकर्मी था। सीओ गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि मृतक के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी।

मुहम्मदाबाद। बेतवा नदी किनारे जब युवक का शव बरामद हुआ तो ग्रामीण व उसके परिजनों के आंसू निकल पड़े, भावुक ग्रामीणों व परिजनों ने मृतक के पिता पर हत्याकर शव व दफनाने का आरोप लगाया है। जिस जगह शव दफन था, वहां डीजल व तेजाब जैसा पदार्थ भी पड़ा मिला है। जिससे ग्रामीणों ने कयास लगाया कि शव दफनाने से पहले जलाने की भी कोशिश की गई है।

ग्रामीणों की माने तो युवक की हत्याकर दो दिन तक शव को घर में ही रखा गया था। जिससे गांव में हत्या की चर्चा भी फैली थी, लेकिन पुलिस ने मामले को संज्ञान में नहीं लिया था। बुधवार को चौकीदार की सूचना पर पुलिस ने नदी किनारे से शव को बरामद कर लिया। पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी ग्रामीणों में कई तरह की चर्चाएं हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *