कालपी। खेत पर जा रहे किसान को सड़क पार करते समय गैस टैंकर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस टैंकर को पकड़ लिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। त्योहार के दिन हुई वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के उसरगांव निवासी शिवराम (75) बुधवार की सुबह अपनी भैंसों को लेकर खेत की तरफ जा रहा था, जैसे ही गांव के बाहर झांसी कानपुर हाईवे पर सड़क पार करने लगा तभी कानपुर की तरफ से आ रहे गैस टैंकर ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों व राहगीरों की भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची ज्ञान भारती चौकी पुलिस ने टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टैंकर व चालक प्रतापगढ़ निवासी मुहीन को पकड़कर टैंकर चौकी में खड़ा करा दिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि किसान शिवराम के चार पुत्र व एक पुत्री है। एक पुत्र व एक पुत्री की शादी हो चुकी है। वह किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उसकी मौत से पत्नी कुंवरबाई सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल का कहना है कि टैंकर व चालक को पकड़ लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।
