कोंच। ग्राम विरगुवां बुजुर्ग में शुक्रवार को दो बच्चों की मां ने फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना के वक्त वह घर पर अकेली थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम विरगुवां बुजुर्ग निवासी अरविंद की 25 वर्षीय पत्नी शशि पाल ने शुक्रवार की सुबह कमरे की कुंडी अंदर से लगाकर रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मौत को गले लगाने से पहले उसने अपने दो छोटे बच्चों को बाहर खेलने के लिए भेज दिया था।
कुछ देर बाद जब बच्चे घर के अंदर आए तो खिड़की से मां को फांसी पर लटका देख उन्होंने इसकी सूचना घर से थोड़ी दूरी पर स्थित दूसरे घर में रहने वाले दादा दादी को दी।
घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार राहुल यादव और सागर चौकी प्रभारी बलराम शर्मा मौके पर पहुंचे और शव को नीचे उतरवाया और पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका का पति अरविंद दमन-द्वीप में रहकर किसी कंपनी में काम करता है और घटना के समय वह वहीं पर था।
मृतका का मायका जिला झांसी के समथर थाना क्षेत्र के ग्राम बुढेरा में है। उसके दो बच्चे पांच वर्षीय निशा और दो वर्षीय हर्ष है।
