Spread the love


उरई। संपूर्ण समाधान दिवस में फौरन समाधान का ग्राफ गिरता जा रहा है।

जिले में शनिवार को अलग-अलग तहसीलों में करीब डेढ़ सौ फरियादी अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे, जिसमें मात्र 15 लोगों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण हुआ। बाकियों को आश्वासन मिला।

उरई तहसील में डीएम राजेश कुमार पांडेय आधा घंटे भी नहीं रुके। उनके ठहरने तक सिर्फ चार ही फरियादी पहुंचे थे। मात्र एक को समाधान मिला। उसके बाद एडीएम संजय कुमार और अन्य अधिकारियों ने फरियादियों को सुना। कुल 42 फरियादी तहसील पहुंचे थे, जिसमें सात की शिकायतों का निस्तारण हुआ।

हालांकि डीएम ने सभी शिकायतों का गुणवत्ता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। विरासत के मामलों में ढिलाई बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

खतौनी में गलतियों को समय पर सुधारने को कहा। भूमि संबंधित विवादों में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेज कर सत्यापन करने के निर्देश दिए। नलकूप की शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारण करने को कहा। कालपी में एसडीएम हेमंत पटेल एवं तहसीलदार शेर बहादुर सिंह ने 35 में पांच का समाधान किया। माधौगढ़ में एसडीएम शशिभूषण व सीओ शैलेंद्र वाजपेयी की अध्यक्षता में 37 शिकायतों में एक का निस्तारण हुआ।

कोंच तहसील में एसडीएम अतुल कुमार की अध्यक्षता में 13 में दो का मौके पर निस्तारण हुआ। जालौन में एसडीएम सुरेश कुमार व सीओ रविंद्र कुमार गौतम की मौजूदगी में 18 फरियादियों में एक को भी फौरन न्याय नहीं मिला।

माधौगढ़ तहसील में जमरेही अव्वल निवासी गोपाल दुबे ने शिकायत करते हुए बताया कि मनरेगा योजना के तहत लगभग 50 लाख रूपये के काम कराए गए। जो धरातल के बजाए कागजों में ही दर्ज हैं। जिसकी शिकायत की गई थी, कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जालौन तहसील में बलवान सिंह ने शिकायत में बताया कि जालौन सीमा के बाहर हद मौजा में आराजी संख्या 54/902 सरकारी भूमि है। इस पर प्रतापपुरा निवासी एक व्यक्ति कब्जा कर रहा है। जब उसने कब्जा हटाने की बात कही तो वह झगड़ा करने लगते हैं।

कोंच। कांशीराम कॉलोनी में अवैध कब्जे के खिलाफ महिलाओं ने रोष जताया। उन्होंने तहसील दिवस में जल्द निस्तारण की मांग की।

कांशीराम कॉलोनी की रहने वालीं बिल्ला, रामकली, माया, प्रभा, आनंदी, रेखा व शिवकुमारी ने कहा कि कॉलोनी निवासी प्रेमा देवी के ब्लॉक के एक कमरे में एक महिला ने कब्जा कर लिया है। उस कमरे में अराजक लोगों को आना-जाना रहता है। विरोध करने पर वह झगड़ा करती हैं। इसकी शिकायत मुख्यालय के अधिकारियों से भी कर चुके हैं। इसमें कुछ पुलिस के कर्मी भी आरोपी महिला का साथ देते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *