निर्माण कार्य 86 प्रतिशत पूर्ण, दिसंबर 2023 तक पूर्ण होगा मेडिकल कॉलेज
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने अमरपुर स्थित निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री नेे कहा कि ललितपुर में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जनपदवासियों को अपने जिले में ही उच्चतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, उन्हें अन्य जनपदों में उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अगले शैक्षणिक सत्र से छात्रों को प्रवेश दिया जाना है, इसके लिए मेडिकल कॉलेज में बालक/बालिका हॉस्टल, किचिन, लैक्चर रुम, प्रधानाचार्य आवास आदि आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर लिए जाए, ताकि प्रवेश प्रक्रिया में कोई बाधा उत्पन्न न हो। बताते चलें कि राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण लोक निर्माण विभाग ने अगस्त 2021 में प्रारंभ किया गया था। निर्माण कार्य लगभग 86 प्रतिशत पूर्ण हो गया है, दिसंबर 2023 तक कार्य पूर्ण होना प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान सांसद अनुराग शर्मा, राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, सीएमएस डॉ राजेंद्र प्रसाद, अधिशासी अभियंता लोनिवि वीपी सिंह, सेतु निर्माण निगम से वेदप्रकाश, राजकीय निर्माण निगम से एसके अग्निहोत्री, सहायक अभियंता नवनीत सिंह, कार्यदायी संस्था के परामर्शदाता एवं कांट्रेक्टर आदि मौजूद रहे।
